Uttrakhand : जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट में आयोजित सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के अंतिम दिन राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) हुए शामिल

ऋषिकेश। गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से मुनि की रेती स्थित जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट में आयोजित सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के अंतिम दिन राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) शामिल हुए। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल गंगा का ही नहीं योग और आध्यात्म का भी उद्गम स्थल है। राज्यपाल ने कहा कि योग प्रेम, शांति, भक्ति और शौर्य का संदेश है। हर व्यक्ति को यह अमृत पीना चाहिए। देश, विदेश में योग का प्रचार-प्रसार होना चाहिए। जिस भी व्यक्ति को शांति और आध्यात्मिकता की अनुभूति करना है, वह उत्तराखंड में चले आए। यदि आप योग की दिशा में जाएंगे तो एक समय ऐसा आएगा कि आपका प्रभु से मिलन होगा। योग एक सूत्र में बंधने का मंत्र है। हमें योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लेना चाहिए। मुझे विश्वास है कि हमारी आने वाली पीढ़ी पूरे विश्व को योग का पाठ पढ़ाएगी।