कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में बिना तैयारी के पहुंचे अधिकारियों को जमकर लगाई फटकार

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में बिना तैयारी के पहुंचे अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। आगामी बैठक में तैयारी के साथ पहुंचने के निर्देश दिए। मालरोड में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने को कहा। कैबिनेट मंत्री ने मंगलवार को नगर पालिका सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें बिजली, पानी, सड़क, ट्रैफिक के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जल निगम के ईई को बिना तैयारी के पहुंचने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने शहर में चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट बुधवार को देने के निर्देश दिए है। सभासद विशाल खरोला ने कहा कि उनके वार्ड में यमुना पेयजल योजना का पानी नहीं मिल रहा है। सभासद पवन थलवाल ने कहा कि सुमित्रा भवन में डेढ़ सौ से अधिक परिवार सीवर योजना के लाभ से वंचित हैं। कैमल बैक क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाई गई लेकिन एसटीपी आज तक नहीं बनाई गई है। जनप्रतिनिधि गौरव गुप्ता ने कहा कि कुलड़ी क्षेत्र में पानी की समस्या है लेकिन निस्तारण नहीं हो रहा है। मैसानिक लाॅज बस अड्डे के निकट सड़क की रेलिंग टूटी है। पूर्व में हादसा हो गया था उसके बाद भी क्राॅस बैरियर नहीं लगाया गया। सभासद अमित भट्ट ने कहा कि मालरोड के सौंदर्यीकरण के नाम पर सात करोड़ खर्च हो गया लेकिन वहां नाली कई जगह नहीं बनाई गई है। बारिश होने पर सड़क पर जलभराव हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मालरोड को माल कमाने का जरिया बनाया गया है। मंत्री ने कहा कि मालरोड मसूरी का ह्रदय है। इसको ठीक किया जाए।