देहरादून। कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने भट्टा फॉल के निकट ग्रामोत्थान परियोजना के तहत वे-साइड एमेनिटीज निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इन परियोजना की लागत लगभग एक करोड़ है। इसे नौ माह में पूरा करने का लक्ष्य है। मंत्री ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके कौशल को बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम को पूरा करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में अब तक 1.65 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में वे-साइड एमेनिटीज परियोजना के बन जाने से महिला समूहों की आय में वृद्धि होगी और उनके उत्पादों को बाजार मिल सकेगा। पर्यटक भी स्थानीय उत्पादों को चख सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुवाखोली क्षेत्र में भी वे-साइड एमेनिटीज खोला जाए। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि एक साल से सेंटर को बनाने के लिए प्रक्रिया चल रही थी। परियोजना के साकार होने से महिलाओं के बनाए गए उत्पादों को जगह मिलेगी।
