देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट विस्तार के बाद पांच नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। चार पुराने मंत्रियों के कुछ विभागों में फेरबदल हुआ है। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत से स्वास्थ्य महकमा, मंत्री सतपाल महाराज से पंचायतीराज, जलागम, सुबोध उनियाल से तकनीकी शिक्षा व भाषा और गणेश जोशी से ग्राम्य विकास विभाग हटाए गए हैं। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व सौरभ बहुगुणा के पास पूर्व की भांति विभाग रहेंगे। 20 मार्च को शपथ ग्रहण करने के बाद रविवार को मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री खजानदास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को विभागों की जिम्मेदारी सौंप दी। मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रशासनिक विभाग अपने पास ही रखे हैं। जबकि अपने 15 से अधिक विभाग पांचों मंत्रियों को बांट दिए हैं। मुख्यमंत्री वित्त, ऊर्जा, राजस्व, सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, सूचना एवं जनसंपर्क जैसे प्रमुख विभाग स्वयं ही देखेंगे। नए मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे के बाद मुख्यमंत्री पर विभागों का भार कम हुआ है। ख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उत्तराखंड कार्य (बंटवारा) नियमावली 2003 के तहत मंत्रियों के कार्यभार की अधिसूचना जारी की। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग हटाकर मंत्री सुबोध उनियाल को सौंपा गया। वहीं, उनियाल से तकनीकी शिक्षा हटाकर धन सिंह और भाषा खजानदास को दे दिया गया है।