मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना में फिलहाल कुछ राहत मिलती दिख रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटरों से 20 अक्तूबर तक विस्तृत ट्रांजिशन प्लान मांगा है। सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने परिचालन को चरणबद्ध तरीके से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) पर ले जाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह कदम मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (सीएसएमआईए) के टर्मिनल-1 के चरणबद्ध पुनर्विकास की तैयारियों के बीच उठाया गया है। मंत्रालय ने सुझाव दिया है कि शिफ्टिंग की प्रक्रिया को कुछ सप्ताह आगे बढ़ाया जा सकता है। इससे एयरलाइंस और यात्रियों को बदलाव के लिए ज्यादा समय मिल सकेगा। सूत्रों के मुताबिक, नागर विमानन सचिव ने एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटरों के साथ विस्तृत चर्चा की। सभी पक्षों से स्पष्ट परिचालन योजना देने को कहा गया है। इस पर अगली समीक्षा बैठक 13 अक्तूबर को होगी। करीब 90 मिनट चली बैठक में एयरलाइंस ने परिचालन से जुड़े सवाल और चिंताएं भी रखीं। सूत्रों के अनुसार, इन मुद्दों पर चर्चा की गई। सभी पक्षों ने शिफ्टिंग के दौरान यात्रियों की सुविधा और परिचालन को सुचारु बनाए रखने पर सहमति जताई। बैठक में मुंबई एयरपोर्ट से हर साल करीब 50 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की योजना पर चर्चा हुई। इसके बाद करीब 20 अक्तूबर के आसपास एक और बैठक होने की संभावना है। इसमें अंतिम ट्रांजिशन प्लान पर सहमति बनाने की कोशिश होगी। बैठक में अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (एफआईए) और विभिन्न एयरलाइंस के प्रतिनिधि शामिल हुए। एएएचएल ने नवी मुंबई एयरपोर्ट पर हर साल 50 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की तैयारियों की जानकारी दी। कंपनी ने एयरपोर्ट की क्षमता, सड़क संपर्क, इन-फ्लाइट कैटरिंग, होटल, लाउंज और अन्य यात्री सुविधाओं की योजना बताई।
मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना
Related Posts
Add A Comment

