मौसम विभाग ने आज भी देहरादून, टिहरी और पौड़ी में रेड अलर्ट किया घोषित

देहरादून। मौसम विभाग ने आज भी देहरादून, टिहरी और पौड़ी में रेड अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। राज्य के शेष जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच चार धाम यात्रा भी रोक दी गई है। रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107 पर सिरोबगड़ के समीप पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने से खतरा बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए मौके पर जेसीबी मशीन तैनात की गई है, लेकिन पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण फिलहाल मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। प्रशासन के अनुसार, पहाड़ी से पत्थर गिरना बंद होने और स्थिति सामान्य होने के बाद जेसीबी के माध्यम से मलबा हटाने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, अत्यधिक बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। अलकनंदा नदी का जलस्तर 626.100 मीटर और मंदाकिनी नदी का जलस्तर 625.100 मीटर दर्ज किया गया है। दोनों नदियों का जलस्तर निर्धारित वार्निंग लेवल से अधिक बताया गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग की ओर से नदी किनारे और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। लोगों को नदी के समीप न जाने और किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की आशंका होने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए लाउडस्पीकर एवं अन्य माध्यमों से चेतावनी दी जा रही है।

प्रशासन द्वारा सिरोबगड़ समेत संवेदनशील क्षेत्रों और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नई टिहरी सहित आसपास के क्षेत्रों में शनिवार सुबह से लगातार बारिश जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम में ठंडक बढ़ गई है। उत्तरकाशी सहित सभी तहसील क्षेत्रों में बीते शनिवार सुबह से वर्षा का सिलसिला जारी है। वहीं, ऊंचाई वाले गंगोत्री व यमुनोत्री धाम से लगी चोटियों पर बर्फबारी हुई है। वर्षा और बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ गई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग दुर्बिल के पास पत्थर आने के कारण अवरूद्ध हो गया है, सूचना पर एनएच ने मौके के लिए मशीनरी को रवाना किया है।